Yoga Day:- छत्तीसगढ़ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज: मुख्य सचिव विकासशील ने ली उच्च स्तरीय बैठक, “स्वस्थ आयु के लिए योग” होगी इस साल की थीम…NV News
Share this
NV News Raipur: छत्तीसगढ़ में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। इस वर्ष योग दिवस को वैश्विक स्तर पर “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Aging) की विशेष थीम पर मनाया जाएगा। आयोजन को भव्य, व्यापक और सफल बनाने के लिए राज्य के मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय (महानदी भवन) में विभिन्न शासकीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक आपातकालीन उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। मुख्य सचिव ने सभी आला अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर पुख्ता और चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का संभावित राज्य स्तरीय मुख्य और सबसे बड़ा कार्यक्रम सरगुजा जिले में आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के गाइडलाइंस के अनुरूप राज्य के सभी जिलों और विकासखंडों में भी सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मुख्य सचिव विकासशील ने राज्य के सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया है कि छत्तीसगढ़ की प्रत्येक ग्राम पंचायत के प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों पर अनिवार्य रूप से योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इस महाभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आयुष विभाग और समाज कल्याण विभाग को आपस में बेहतर तालमेल और समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को एक बेहद महत्वपूर्ण विषय पर सचेत करते हुए कहा कि 21 जून को ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा नीट (NEET) की पुनः परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक अमला यह सौ फीसदी सुनिश्चित करे कि सुबह के समय होने वाले योग दिवस के आयोजनों, लाउडस्पीकरों या वीआईपी मूवमेंट के कारण नीट परीक्षा केंद्रों और वहां पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की ट्रैफिक या मानसिक असुविधा न हो। परीक्षा केंद्रों के आसपास के रूट को पूरी तरह व्यवस्थित रखने के निर्देश गृह और पुलिस विभाग को दिए गए हैं।
इस वर्ष भारत सरकार के निर्देशानुसार व्यापक जनभागीदारी के जरिए एक नया ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ (Guinness World Record) बनाने का प्रयास भी किया जा रहा है, जिसके तहत 14 जून से ऑनलाइन योग अभ्यास सत्र शुरू हो चुके हैं। आम नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया गया है, जिस पर केवल एक मिस्ड कॉल देकर पंजीयन कराया जा सकता है। इसके अलावा, आयुष मंत्रालय ने ‘योग संगम पोर्टल-2026’ लॉन्च किया है, जिसके आधिकारिक वेब पोर्टल पर सभी सरकारी व निजी संस्थाओं को अपना रजिस्ट्रेशन कराना और आयोजन के बाद तस्वीरें अपलोड करना अनिवार्य होगा। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह सहित शिक्षा, पर्यावरण और आयुष विभाग के सचिव उपस्थित रहे।

