दिल दहला देने वाली वारदात: घर के पीछे बाड़ी में खून से लथपथ मिली महिला की लाश, पत्थर से सिर कुचलकर हत्या; देवर हिरासत में…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की खून से सनी लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह जघन्य वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 20 सिविल लाइन इलाके की है। घर के पास महिला का शव मिलने की खबर जैसे ही आस-पड़ोस के लोगों को हुई, वहां भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
मृतका की पहचान सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली 29 वर्षीय पुष्पा ध्रुव (पति सोमनाथ ध्रुव) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, पुष्पा की लाश उसके ही घर के पीछे स्थित बाड़ी में खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई मिली। शव को देखने से साफ पता चल रहा था कि हमला बेहद क्रूरता से किया गया है। मृतका के सिर और चेहरे पर किसी भारी चीज या पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया है।
इस खौफनाक घटना की सूचना स्थानीय नागरिकों ने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शुरुआती पारिवारिक पूछताछ और संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतका के सगे देवर को तुरंत हिरासत में ले लिया है। पुलिस को अंदेशा है कि इस खूनी खेल के पीछे कोई गहरा पारिवारिक विवाद हो सकता है।
पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हिरासत में लिए गए देवर से थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या की असली वजह और पूरी सच्चाई सामने आ सके। कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और संदेही से पूछताछ पूरी होने के बाद जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का आधिकारिक तौर पर पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा।

