छत्तीसगढ़ में शीतकालीन छुट्टियों का ऐलान: 22 दिसंबर से बंद रहेंगे स्कूल, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
Share this
रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्कूल और महाविद्यालयों में अब विद्यार्थियों को साल के अंत में ठंड के मौसम का लुत्फ़ उठाने का मौका मिलेगा। राज्य सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है।
जारी आदेश के मुताबिक, प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर-अनुदान प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ डी.एड., बी.एड. और एम.एड. महाविद्यालयों में भी अवकाश की एक समान व्यवस्था लागू होगी।
शीतकालीन अवकाश 22 से 27 दिसंबर तक
शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, शीतकालीन अवकाश (Winter Vacation 2025) 22 दिसंबर से 27 दिसंबर 2025 तक रहेगा। इस अवधि में विद्यार्थियों को कुल 6 दिन की छुट्टी मिलेगी।
वहीं, ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation 2026) 1 मई से 15 जून 2026 तक निर्धारित किया गया है।
पहले ही जारी किया गया था नोटिफिकेशन
शिक्षा विभाग ने यह आदेश सितंबर माह में ही सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को भेज दिया था, ताकि छुट्टियों को लेकर किसी भी प्रकार का भ्रम या देरी की स्थिति न बने।
अब विभाग ने इसे औपचारिक रूप से सार्वजनिक कर दिया है, जिससे राज्यभर के विद्यालयों और महाविद्यालयों को नए सत्र की योजना बनाने में सुविधा होगी।
