साप्ताहिक बंदी की आधी रात को धू-धू जला ‘पैसा वसूल’ स्टोर, शॉर्ट सर्किट या इंश्योरेंस क्लेम का बड़ा खेल?…NV News
Share this
NV News कोरबा, 1 जुलाई 2026। औद्योगिक नगरी कोरबा के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके पावर हाउस रोड पर स्थित ‘पैसा वसूल’ क्लॉथ स्टोर में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आधी रात को दुकान के भीतर से उठती तेज लपटों और चारों तरफ फैलते काले घने धुएं को देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सजगता के चलते मामले की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे आसपास की दर्जनों दुकानें सुरक्षित बच गईं और एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।
इस अग्निकांड को लेकर शहर के व्यापारिक हलकों और आम जनता के बीच कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। चूंकि मंगलवार को पावर हाउस रोड के कपड़ा बाजारों में साप्ताहिक बंदी (दुकानें बंद) रहती है, ऐसे में बंद दुकान के भीतर आधी रात को इतनी भीषण आग कैसे भड़की, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। शुरुआती तौर पर जहां कुछ लोग इसे बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह मान रहे हैं, वहीं दबी जुबान में मोटी रकम के ‘इंश्योरेंस क्लेम’ (बीमा राशि) हड़पने के बड़े खेल की आशंका भी जताई जा रही है।
दमकल अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने दुकान संचालक को घटना की जानकारी दे दी है। आगजनी के कारण दुकान में रखे लाखों रुपये के कपड़े और अन्य सामग्रियां जलकर खाक हो चुकी हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुकान के भीतर शॉर्ट सर्किट के साक्ष्यों की जांच के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह साफ हो सके कि यह महज एक हादसा था या फिर भारी नुकसान/कर्ज से बचने के लिए आधी रात को रची गई कोई सोची-समझी साजिश।

