ड्यूटी के दौरान शराब पीते दो आरक्षक कैमरे में कैद, वीडियो वायरल होते ही एसएसपी ने किया लाइन अटैच

Share this

बिलासपुर। मोपका पुलिस चौकी में ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करते दो आरक्षकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी चौकी के अंदर बैठकर खुलेआम शराब के पैग तैयार करते दिखाई दे रहे हैं। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एक युवक किसी काम से मोपका चौकी पहुंचा था। बाहर कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया, तो वह अंदर चला गया। अंदर उसने देखा कि दो आरक्षक आराम से बैठकर शराब पीने की तैयारी कर रहे थे। यह दृश्य देखकर युवक ने तुरंत अपना मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

वीडियो रिकॉर्ड होते देख आरक्षक संतोष राठौर ने युवक से बहसबाजी शुरू कर दी। वायरल वीडियो में वह युवक को गाली-गलौज करते और धमकाते हुए साफ सुना जा सकता है। इतना ही नहीं, युवक को पटक-पटक कर मारने की चेतावनी भी देते नजर आया, जिससे युवक घबरा गया।

जब वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से फैलने लगा, तो पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। मामला एसएसपी के संज्ञान में आते ही उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरक्षक क्रमांक 1057 संतोष राठौर और आरक्षक क्रमांक 1364 धनेश साहू, दोनों पदस्थ मोपका चौकी (थाना सरकंडा) को तत्काल लाइन अटैच कर दिया।

एसएसपी रजनेश सिंह ने इस घटना पर कठोर संदेश जारी करते हुए कहा कि यूनिफार्म में रहते हुए अनुशासनहीनता या अनादरपूर्ण व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले कर्मियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों और कर्तव्यों की अवहेलना करने वालों के प्रति सख्ती बरती जाएगी, ताकि पुलिस विभाग की विश्वसनीयता और जिम्मेदारी बनी रहे।

पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सभी पुलिसकर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा की जाती है, और इस तरह के मामलों पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

 

 

Share this

You may have missed