तूहर टोकन ऐप 24×7 खुला: किसान अब कभी भी कर सकेंगे टोकन बुकिंग, छोटे किसानों को 31 जनवरी तक राहत

Share this

रायपुर। प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने तूहर टोकन ऐप को अब 24×7 खोल दिया है। अब किसानों को टोकन काटने के लिए किसी तय समय का इंतजार नहीं करना होगा। किसान दिन-रात कभी भी मोबाइल एप के माध्यम से अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे।

नई व्यवस्था के तहत किसान 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे धान विक्रय की योजना बनाने में किसानों को पर्याप्त समय मिलेगा और टोकन कटवाने के दौरान होने वाली भीड़ व तकनीकी दबाव से भी राहत मिलेगी।

इसके साथ ही राज्य सरकार ने 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों को विशेष राहत दी है। ऐसे किसान अब 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन ले सकेंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लघु किसानों के हित में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी दिशा में उठाया गया कदम है। छोटे किसानों के लिए अतिरिक्त समय-सीमा वास्तविक राहत साबित होगी। राज्य सरकार किसान हित में निरंतर कार्य करती रहेगी।

Share this

You may have missed