खौफ: ढाबा से लौट रहे ट्रक चालक से चाकू की नोक पर लूट, सिरगिट्टी ट्रांसपोर्ट नगर में बदमाशों का तांडव…NV News
Share this
NV News- बिलासपुर। न्यायधानी के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर परसदा में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ बीती रात एक ढाबा से खाना खाकर लौट रहे ट्रक चालक को अज्ञात बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने ट्रक चालक को बीच रास्ते में रोककर चाकू की नोक पर उससे नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में ट्रक चालकों और स्थानीय लोगों के बीच भारी दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ट्रक चालक अपना वाहन ट्रांसपोर्ट नगर में खड़ा कर पास के ही एक ढाबे पर खाना खाने गया था। जब वह पैदल वापस लौट रहा था, तभी सुनसान रास्ते पर दो-तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू निकालकर चालक की गर्दन पर टिका दिया और जान से मारने की धमकी दी। डरे हुए चालक से बदमाशों ने उसके पास रखे हजारों रुपये और कीमती मोबाइल छीन लिया।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुँची और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके। ट्रांसपोर्ट संघ ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर और परसदा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, क्योंकि यहाँ अक्सर रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
