Train Late: हावड़ा, मुंबई और दिल्ली रूट की ट्रेनें घंटों लेट, यात्रियों को हो रही परेशानी

Share this

बिलासपुर। हावड़ा, मुंबई और दिल्ली से आने वाली ट्रेनों की समय-सारिणी पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार हो रही देरी के कारण बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को घंटों तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सहित संबंधित जोनों की ओर से अब तक इस समस्या को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे यात्रियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

यात्रियों का कहना है कि लंबे इंतजार के बावजूद उन्हें ट्रेनों के विलंब को लेकर सही और अद्यतन जानकारी नहीं दी जाती। पूछताछ करने पर केवल यही जवाब मिलता है कि ट्रेन अपने प्रारंभिक स्टेशन से ही लेट चल रही है। इस अनिश्चित स्थिति के चलते व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

समय पर सूचना नहीं मिलने की वजह से यात्री स्टेशन पहुंचने के बाद कड़ाके की ठंड में प्लेटफॉर्म पर इंतजार करने को मजबूर हैं। अक्सर यह कहकर टाल दिया जाता है कि ट्रेन “अब थोड़ी देर में आ जाएगी”, जिसके चलते यात्री प्लेटफॉर्म नहीं छोड़ पाते। एक साथ कई ट्रेनों के लेट होने से स्टेशन पर भीड़ बढ़ रही है और बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। ठंड के मौसम में इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों पर पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर भी यात्री अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से सुधार के कोई ठोस संकेत नजर नहीं आ रहे हैं।

 

ये ट्रेनें रहीं देरी का शिकार:

  • पुरी–योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस दोपहर 2:20 बजे की बजाय रात 9:00 बजे पहुंची।
  • हावड़ा–सीएसटीएम मेल सुबह 6:50 बजे के स्थान पर 11:10 बजे पहुंची।
  • शालीमार–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस सुबह 7:05 बजे की जगह शाम 5:20 बजे पहुंची।
  • शालीमार–एटीटीटी ज्ञानेश्वरी सुपरडीलक्स सुबह 7:40 बजे के बजाय दोपहर 1:24 बजे पहुंची।
  • हावड़ा–पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस सुबह 9:00 बजे की जगह दोपहर 1:10 बजे पहुंची।
  • उत्कल एक्सप्रेस सुबह 9:00 बजे के बजाय दोपहर 2:22 बजे पहुंची।
  • सांतरागाछी–पोरबंदर कवि गुरु एक्सप्रेस करीब 12 घंटे की देरी से रात 9:07 बजे पहुंची।
  • हावड़ा–अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 11:40 बजे के बजाय शाम 5:16 बजे पहुंची।

 

लगातार हो रही देरी और सही जानकारी के अभाव में यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। यात्रियों की मांग है कि रेलवे प्रशासन ट्रेनों की वास्तविक समय की जानकारी समय पर उपलब्ध कराए, ताकि लोगों को घंटों स्टेशन पर इंतजार न करना पड़े।

Share this

You may have missed