Train Accident: राजधानी एक्सप्रेस से टकराया हाथियों का झुंड, 8 जंगली हाथियों की मौत, ट्रेन के 5 डिब्बे पटरी से उतरे
Share this
गुवाहाटी: आज तड़के राजधानी एक्सप्रेस के हाथियों के झुंड से टकराने के बाद बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में कम से कम आठ जंगली हाथियों की मौत हो गई, जबकि एक हाथी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसे के कारण ट्रेन का इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 2:17 बजे हुई। हाथियों के झुंड को देखकर ट्रेन के लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण टक्कर टल नहीं सकी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे ने रिलीफ ट्रेन को मौके के लिए रवाना कर दिया। प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को सुरक्षित रूप से अन्य डिब्बों में स्थानांतरित किया गया। रेलवे ने बताया कि पटरी से उतरे डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया है। गंतव्य स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे।
वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृत हाथियों में तीन वयस्क और चार शावक शामिल हैं, जबकि एक शावक का इलाज जारी है। सभी मृत हाथियों के शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह इलाका सामान्य तौर पर हाथियों के विचरण क्षेत्र में नहीं आता।
फिलहाल प्रभावित रेल खंड से गुजरने वाली ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है। रेलवे द्वारा मरम्मत और बहाली का कार्य तेजी से जारी है। यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
जारी हेल्पलाइन नंबर
0361-2731621 / 0361-2731622 / 0361-2731623
