इस गांव में दर्दनाक हादसा: 3 वर्षीय बच्ची की पानी की टंकी में डूबने से मौत, परिजनों में मातम

Share this

बिलासपुर/कोटा। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमने में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां खेलते-खेलते तीन वर्षीय मासूम बच्ची परी वैष्णव की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, परी वैष्णव अपने मामा के घर रह रही थी और घर के पास ही खेल रही थी। खेल के दौरान वह अचानक पास स्थित पानी की टंकी में गिर गई, जिससे वह डूब गई। घटना का पता चलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को टंकी से निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटा लेकर पहुंचे।

लेकिन वहाँ मौजूद ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

3 वर्षीय परी वैष्णव, पिता कल्याण दास वैष्णव और माता सरस्वती वैष्णव की पुत्री थी और ग्राम पंचायत अमने की निवासी थी। इस दुखद घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में खुले पानी के स्रोतों और टंकियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में मासूमों की जिंदगी जोखिम में न पड़े।

Share this

You may have missed