लाखों की चोरी: किराना दुकान और मकान से 11 लाख के जेवर–नकदी पार, पुलिस जांच तेज

Share this

अकलतरा। जांजगीर-चाम्पा जिले के अकलतरा में रविवार को एक बड़ी चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। आंबेडकर चौक के पास स्थित कस्तूरी ट्रेडर्स की किराना दुकान और उससे लगे मकान से अज्ञात चोरों ने लगभग 11 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मकान मालिक विनय केडिया 20 नवंबर को अपने परिवार के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। रविवार को जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। भीतर प्रवेश करने पर घर और दुकान दोनों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था, जिसमें रखे करीब 5 लाख रुपये के जेवर और लगभग 6 लाख रुपये नकदी गायब थे।

घटना की सूचना तुरंत अकलतरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, सायबर सेल और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वाड ने घर से कुछ दूरी तक संदिग्ध रास्ते का पीछा किया, मगर आगे सुराग नहीं मिला।

वहीं सायबर सेल की टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि किसी संदिग्ध का पता लगाया जा सके। एफएसएल टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट सहित आवश्यक सबूत एकत्र किए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी सुनियोजित प्रतीत होती है, क्योंकि चोरों ने सीधे अलमारी और संवेदनशील जगहों को निशाना बनाया है। आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है तथा पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है।

Share this