शादी में गया था परिवार, सूने मकान में हाथ साफ करने वाला चोर चढ़ा राजिम पुलिस के हत्थे, ₹96 हजार के जेवर बरामद…NV News
Share this
गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात पार कर दिए थे, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर दबोचा। घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं, जिनकी कुल कीमत 96,000 रुपये बताई जा रही है।
शादी की खुशियों के बीच हुई सेंधमारी
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भाठापारा रॉवड निवासी सेवक राम साहू 20 फरवरी को अपने परिवार के साथ चम्पारण एक शादी में गए थे। मध्यरात्रि जब वे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के भीतर पेटी का ताला तोड़कर सोने की माला, खिनवा और चांदी के करधन समेत अन्य कीमती जेवरात गायब थे। पीड़ित की शिकायत पर राजिम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संदेह के घेरे में आया चम्पारण का युवक
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर ग्राम चम्पारण निवासी जितेंद्र कुमार साहू (27 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 30 हजार की सोने की माला, 50 हजार के सोने के खिनवा और चांदी के पायल समेत कुल 96,000 रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
