लापता कांस्टेबल की लाश पेड़ से लटकी मिली, व्यक्तिगत परेशानियों के चलते आत्महत्या की आशंका
Share this
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां 3 दिसंबर से लापता चल रहे आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल का शव ग्राम आसना के जंगल में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक आरक्षक की पहचान डमरू नायक (29 वर्ष) निवासी ग्राम बजवंड के रूप में हुई है। वह पुलिस लाइन में पदस्थ थे और 3 दिसंबर की शाम अपने घर से अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान कोतवाली थाना पुलिस को ग्राम आसना के जंगल में एक अज्ञात शव की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि शव पेड़ से लटका हुआ है। बाद में उसकी पहचान लापता आरक्षक डमरू नायक के रूप में की गई।
पुलिस के प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरक्षक व्यक्तिगत परेशानियों के चलते आत्महत्या कर सकते हैं। हालांकि, मामले की गहन जांच जारी है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का आधिकारिक बयान
“पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक डमरू नायक (29) निवासी ग्राम बजवंड 03 दिसंबर की शाम से लापता थे। खोजबीन के दौरान ग्राम आसना के जंगल में उनका शव पेड़ में फांसी पर लटका मिला। प्रथम दृष्टया व्यक्तिगत परेशानियों की वजह से आत्महत्या करना प्रतीत हो रहा है। शव को पीएम के लिए भेजा गया है और जांच जारी है।”
