रायपुर एयरपोर्ट पर तकनीकी समस्या, इंडिगो की फ्लाइट भुवनेश्वर डायवर्ट; यात्रियों में नाराज़गी
Share this
रायपुर। रायपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह दिल्ली से रायपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी समस्या के चलते विमान को भुवनेश्वर डायवर्ट करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी दिक्कत सामने आई, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को रायपुर में उतरने की अनुमति नहीं दी।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, सुबह 9:15 बजे रायपुर से दिल्ली रवाना होने वाली फ्लाइट नंबर 6E6476 को भी प्रभावित होना पड़ा, क्योंकि वही विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था। डायवर्ट होने के कारण रायपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स और जरूरी काम का शेड्यूल बिगड़ गया।
अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही विमान को रायपुर लाने और फिर दिल्ली भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। हालांकि, उड़ान के नए समय को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
लगातार उड़ानों में तकनीकी दिक्कतें आने से यात्रियों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। कई यात्रियों ने एयरलाइन से समय प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाए हैं।
