‘टीम प्रहरी’ का एक्शन: संतोषी नगर में 73 दुकानों के अवैध शेड ढहाए, कब्जाधारियों पर लगा भारी जुर्माना…NV News

Share this

रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम संतोषी नगर मुख्य मार्ग को यातायात के लिए सुगम बनाने हेतु प्रशासन ने आज ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और निगम आयुक्त विश्वदीप के कड़े निर्देशों के बाद, प्रशासनिक अमले ने संतोषी नगर बाजार क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 73 दुकानों के बाहर अवैध रूप से बनाए गए शेड को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया गया।

एएसपी यातायात विवेक शुक्ला और नगर निगम के आला अधिकारियों के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में न केवल अवैध निर्माण ढहाए गए, बल्कि सड़क पर सामान फैलाकर जाम लगाने वाले दुकानदारों पर 12,000 रुपये का ई-चालान भी किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बार-बार समझाइश देने के बावजूद कई दुकानदार सड़क की सीमा का उल्लंघन कर रहे थे, जिससे आम नागरिकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

अभियान के दौरान नगर निगम जोन 6 और 10 के अमले ने सड़क पर अवैध रूप से खड़े ठेलों और सामानों को जब्त कर लिया। अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा और नगर निवेशक आभाष मिश्रा की मौजूदगी में चली इस मुहिम ने व्यापारियों को कड़ा संदेश दिया है कि जनहित में सड़कों पर कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि दोबारा सड़क पर सामान रखा गया या अवैध शेड लगाए गए, तो और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई से रायपुर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधरने लगी है। संतोषी नगर मार्ग अब पहले से कहीं अधिक चौड़ा और व्यवस्थित नजर आ रहा है, जिससे राहगीरों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है और शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी इसी तरह की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ जारी रहेगी।

Share this

You may have missed