रायपुर में ‘टीम प्रहरी’ का एक्शन: स्टेशन रोड और मेकाहारा चौक से हटाए गए 23 अवैध ठेले, अतिक्रमणकारियों से वसूला 18,000 जुर्माना

Share this

रायपुर: शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत आज एक बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार, नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मरही माता मंदिर मार्ग, मेकाहारा चौक, स्टेशन रोड और नहरपारा मुख्य मार्ग पर सघन अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों पर अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों और ठेले वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।

नगर निगम और यातायात विभाग की टीम ने जनहित में कार्रवाई करते हुए सड़कों को सुगम बनाने के लिए लगभग 23 अवैध ठेलों को मौके से हटाया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि सड़कों पर दोबारा कब्जा करने की स्थिति में सामान की जब्ती की जाएगी। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य राजधानी के व्यस्ततम बाजारों में यातायात को सुव्यवस्थित करना और आम नागरिकों को आवाजाही में हो रही दिक्कतों को दूर करना है।

अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के साथ-साथ टीम ने आर्थिक दंड भी लगाया। सड़कों पर सामान रखकर यातायात बाधित करने वाले 27 दुकानदारों के खिलाफ ई-चालान काटते हुए लगभग 18,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई और कड़ी की जाएगी। इस दौरान दुकानदारों को अपनी सीमा के भीतर व्यापार करने की हिदायत भी दी गई।

‘टीम प्रहरी’ अभियान के इस निरंतर प्रहार से रायपुर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में सुधार दिखने लगा है। रेलवे स्टेशन और मेकाहारा जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सड़कों के चौड़े होने से आम जनता को जाम से राहत मिली है। इस अभियान में अपर आयुक्त पंकज शर्मा, एएसपी यातायात विवेक शुक्ला और नगर निगम के विभिन्न जोनों के अधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Share this

You may have missed