स्वच्छ सर्वेक्षण 2026: रायपुर को नंबर-1 बनाने वार्ड 24 में स्वच्छता की अलख; घर-घर जाकर दी गई गीला-सूखा कचरा अलग करने की समझाइश…NV News

Share this

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की परीक्षा में रायपुर शहर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में श्रेष्ठ स्थान दिलाने के लिए नगर पालिक निगम ने कमर कस ली है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे और निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार, शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता जागरूकता अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जोन क्रमांक 7 के सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड क्रमांक 24 में नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया।

घर-घर दस्तक और ‘पृथक्करण’ का पाठ

जोन अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, पार्षद श्रीमती दीप मनीराम साहू और जोन कमिश्नर श्री राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर रहवासियों से मुलाकात की। अधिकारियों ने नागरिकों को समझाया कि वे प्रतिदिन अपने घर पर ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखें। साथ ही, सेनेटरी वेस्ट और घरेलू खतरनाक कचरे को भी पृथक कर सफाई मित्र को सौंपने की अपील की गई।

टोल फ्री नंबर और त्वरित समाधान

अभियान के दौरान अनुबंधित सफाई कंपनी ‘रामकी’ के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नागरिकों को स्वच्छता पम्पलेट बांटे गए और बताया गया कि यदि उनके क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहन समय पर नहीं आता है, तो वे रामकी के टोल-फ्री नंबर पर तत्काल शिकायत दर्ज करा सकते हैं, ताकि व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जा सके।

सामूहिक स्वच्छता संकल्प

वार्ड 24 में आयोजित इस कार्यक्रम में जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री आत्मानंद साहू की उपस्थिति में सभी वार्डवासियों और उपस्थित जनों को सामूहिक स्वच्छता संकल्प दिलवाया गया। नागरिकों ने शपथ ली कि वे न केवल अपने घर को साफ रखेंगे, बल्कि शहर को स्वच्छ बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

अभियान की मुख्य बातें:

गीला, सूखा और खतरनाक कचरा अलग-अलग करने की अपील।

सफाई मित्रों को नियमित कचरा देने का आग्रह।

स्वच्छता जागरूकता पम्पलेट्स का वितरण।

टोल-फ्री हेल्पलाइन के उपयोग की जानकारी।

Share this

You may have missed