स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: रायपुर के वार्ड 29 में कचरा पृथक्करण को लेकर महाभियान, पार्षद कैलाश बेहरा ने घर-घर जाकर नागरिकों को किया जागरूक…NV News
Share this
रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत राजधानी रायपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की श्रेणी में शीर्ष पर लाने के लिए नगर पालिक निगम ने अपनी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में आज जोन क्रमांक 3 के अंतर्गत आने वाले गुरू गोविन्द सिंह वार्ड क्रमांक 29 में स्वच्छता जनजागरूकता अभियान चलाया गया। वार्ड पार्षद श्री कैलाश बेहरा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम और रामकी कंपनी के सफाई मित्रों ने बेहरा कॉलोनी, प्रगति नगर और जगन्नाथ नगर क्षेत्र में घर-घर दस्तक दी।
सूखा और गीला कचरा अलग करने पर जोर
अभियान के दौरान नागरिकों को इस बात के लिए जागरूक किया गया कि वे अपने घरों से निकलने वाले सूखे और गीले कचरे को पृथक-पृथक डस्टबिन में रखें। पार्षद कैलाश बेहरा ने रहवासियों को समझाया कि कचरा पृथक्करण न केवल स्वच्छता के लिए जरूरी है, बल्कि यह कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। नागरिकों से अपील की गई कि वे केवल सफाई मित्र के वाहन में ही अलग-अलग डस्टबिन से कचरा दें।
टीम वर्क और जनभागीदारी
महापौर श्रीमती मीनल चौबे, आयुक्त श्री विश्वदीप और स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जोन कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह का मार्गदर्शन रहा। मौके पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री पूरन कुमार ताण्डी, रामकी कंपनी के सुपरवाइजर, वार्ड की मितानिनें और आंगनबाड़ी सहायिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। शक्तिनगर क्षेत्र सहित अन्य कॉलोनियों में चले इस सघन अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-जन को स्वच्छता के प्रति उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराना है।
