सूरजपुर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 32 निजी स्कूलों की मान्यता रद्द

Share this

सूरजपुर, छत्तीसगढ़। सूरजपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र में नर्सरी कक्षा के एक मासूम बच्चे को होमवर्क नहीं करने पर टीचर द्वारा पेड़ से रस्सी के सहारे लटकाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और कठोर कार्रवाई करते हुए 32 निजी स्कूलों की मान्यता रद्द कर दी है।

जांच में पाया गया कि ये सभी निजी स्कूल नियमों का पालन नहीं कर रहे थे और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा मानकों का गंभीर अभाव था।

घटना से जुड़ा हंस वाहिनी विद्या मंदिर स्कूल, नारायणपुर भी जांच के दायरे में आया। यहां की टीचर काजल साहू को तत्काल बर्खास्त कर दिया गया है। वायरल वीडियो में मासूम बच्चा टी-शर्ट से पेड़ में लटका हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि नीचे केवल अंडरवियर पहना था। इस अमानवीय हरकत ने माता-पिता और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फैला दिया था।

स्थानीय लोगों और पालकों ने शिक्षक व स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। कई बच्चों ने भी बताया कि यह टीचर पहले भी कुएं में लटकाने जैसी अमानवीय दंड देती थी।

घटना सामने आते ही प्रशासन ने मौके पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भेजकर मामला की जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल प्रबंधन और टीचर पर तुरंत कार्रवाई की गई।

संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा—

“बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम विरुद्ध चल रहे स्कूलों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।”

कड़ी कार्रवाई के बाद जिले के निजी स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है, जबकि अभिभावकों ने जिला प्रशासन की इस सख्ती का स्वागत किया है।

 

Share this

You may have missed