घेराव के दौरान अचानक हुआ हादसा! सड़क पर गिरे विधायक और पूर्व विधायक, मच गई अफरा-तफरी
Share this
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विधायक और पूर्व विधायक अचानक सड़क पर गिर पड़े।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ते समय सिहावा विधायक अंबिका मरकाम और पूर्व विधायक लेखराम साहू बैनर में फंस गए, जिससे दोनों संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क पर गिर पड़े। इस घटना में दोनों नेताओं को हल्की चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला और सुरक्षित स्थान पर ले गए। कुछ देर के लिए प्रदर्शन स्थल पर हड़कंप की स्थिति बन गई, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
इस घटना के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन कुछ समय तक जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले को लोकतंत्र पर हमला बताया।
