अपार आईडी को लेकर सख्ती, समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो प्राचार्यों का वेतन रुकेगा
Share this
जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले में विद्यार्थियों की अपार आईडी (APAAR ID) निर्माण प्रक्रिया को लेकर शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपना लिया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपार आईडी निर्माण कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में जनवरी माह में शासकीय स्कूलों के प्राचार्यों का वेतन रोक दिया जाएगा, जबकि निजी (अशासकीय) स्कूलों की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग की इस सख्त चेतावनी के बाद जिलेभर के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में हड़कंप की स्थिति है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले में अब तक केवल 85.2 प्रतिशत विद्यार्थियों की ही अपार आईडी बन पाई है, जो राज्य औसत से कम है। इसी वजह से जिला प्रदेश स्तर पर 19वें स्थान पर है।
अधिकारियों का कहना है कि कई बार निर्देश जारी किए जाने के बावजूद कुछ विद्यालयों द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे योजना के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है। विभाग का स्पष्ट कहना है कि अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाह स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपार आईडी निर्माण में नाम मिसमैच, आधार कार्ड और यू-डाइस पोर्टल में जन्मतिथि में अंतर जैसी कई तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन्हीं कारणों से प्रक्रिया में देरी हो रही है। हालांकि, लक्ष्य पूरा करने के दबाव में कुछ विद्यालयों द्वारा यू-डाइस में छात्रों की जन्मतिथि में बदलाव किए जाने की भी जानकारी सामने आई है, जो भविष्य में विद्यार्थियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है।
सूत्रों के अनुसार इस तरह की गड़बड़ियों के मामले सबसे अधिक बम्हनीडीह ब्लॉक में सामने आए हैं। इसके बाद अकलतरा, नवागढ़, पामगढ़ और बलौदा ब्लॉक का क्रम आता है। बताया जा रहा है कि जिले के सैकड़ों स्कूलों में अपार आईडी का लक्ष्य पूरा करने के लिए इस तरह की अनियमितताएं की गई हैं।
100 से अधिक विद्यार्थियों की आईडी लंबित
12 दिसंबर की स्थिति में जिले की कई शालाओं में 100 से अधिक विद्यार्थियों की अपार आईडी अब भी लंबित है। नवागढ़ ब्लॉक में ऐसे 24 स्कूल चिन्हित किए गए हैं, जहां 100 से अधिक विद्यार्थियों की आईडी पेंडिंग है। वहीं अकलतरा में 12, पामगढ़ में 10, बलौदा में 8 और बम्हनीडीह में 3 स्कूल ऐसे हैं, जहां बड़ी संख्या में अपार आईडी अब तक नहीं बन पाई है।
बीआरसी कार्यालय में पूरी करानी होगी प्रक्रिया
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में सभी शाला प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार अपने-अपने विकासखंड के बीआरसी कार्यालय में उपस्थित होकर लंबित विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कराएं। इसके लिए विद्यार्थियों का आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।
