रायपुर में अतिक्रमण पर कड़ाई: सुंदरनगर और रायपुरा के व्यापारियों को अल्टीमेटम; स्वेच्छा से हटा लें कब्जा, वरना चलेगा ‘पीला पंजा’…NV News

Share this

रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार सुंदरनगर और रायपुरा मुख्य मार्ग पर यातायात की बाधाओं को दूर करने के लिए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार, एएसपी यातायात श्री विवेक शुक्ला ने क्षेत्र के व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में व्यापारियों को दो टूक चेतावनी दी गई है कि वे मुख्य मार्ग से अपना अतिक्रमण स्वेच्छा से हटा लें, अन्यथा नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्यवाही और तोड़फोड़ की जाएगी।

बैठक के दौरान एएसपी यातायात और नगर निगम जोन 5 के अधिकारियों ने व्यापारियों को विस्तार से बताया कि सड़कों और फुटपाथ पर किए गए कब्जों के कारण आम नागरिकों को कितनी भारी असुविधा हो रही है। यातायात के बाधित होने से न केवल जाम की स्थिति बनती है, बल्कि हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। अधिकारियों ने अपील की है कि प्रशासनिक कार्यवाही के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापारी संगठन और स्थानीय दुकानदार प्रशासन का सहयोग करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम के नियमों के अंतर्गत पहले व्यापारियों को समझाइश दी जा रही है ताकि वे स्वयं अपना सामान और अवैध निर्माण पीछे हटा लें। यदि तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर निगम का दस्ता पुलिस बल के साथ सड़कों को खाली कराने उतरेगा। इस दौरान होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी स्वयं संबंधित व्यवसायी की होगी। अधिकारियों ने साफ कहा कि जनहित में सड़कों को सुव्यवस्थित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस संयुक्त बैठक में नगर निगम जोन 5 के नगर निवेश विभाग के अधिकारी और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने व्यापारियों से कहा कि नगरहित में व्यापार के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है। प्रशासन की इस सक्रियता के बाद अब सुंदरनगर और रायपुरा मुख्य मार्ग के दुकानदारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आगामी कुछ दिनों में इन मार्गों पर बड़े स्तर पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा सकता है।

Share this

You may have missed