सौतेले पिता–मां ने 4 साल के बेटे की हत्या कर चुपचाप किया अंतिम संस्कार, कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद
Share this
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सौतेले पिता और मां ने मिलकर अपने ही 4 साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र की है। आरोपियों ने बच्चे को मार-मारकर व पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद चोरी-छुपे उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।
एक साल बाद कोर्ट ने इस जघन्य अपराध पर सख्त रुख अपनाते हुए दोनों को उम्रकैद की सजा सुनाई और 1000 रुपए का अर्थदंड लगाया है।
कैसे हुई थी हत्या?
जानकारी के अनुसार, आरोपी मनप्रीत सिंह और गायत्री साहू ने 31 जनवरी 2024 को 4 वर्षीय बच्चा जगदीप सिंह की हत्या की थी। जगदीप, गायत्री के पहले पति का बेटा था, जिसे आरोपी सौतेला पिता अक्सर मारता-पीटता था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी उससे इतनी नफरत करता था कि एक बार उसने उसके गले में रस्सी बांधकर हवा में टांग दिया था।
पड़ोसियों की सूचना से खुला राज:-
बच्चे की हत्या की सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि बच्चे की निर्ममता से हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी माता-पिता को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जहां उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई।
