स्क्रैप चोरी कांड में बड़ा मोड़: आरोपी सुपरवाइजर की पत्नी का दावा—’बलि का बकरा’ बनाया गया, एसएसपी को सौंपी लिखित शिकायत…NV News

Share this

NV News- Bhilai Steel Plant Iron Scrap Theft Case: भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से 250 टन लौह स्क्रैप चोरी का बहुचर्चित और करोड़ों का मामला अब एक नए और बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गया है। इस पूरे प्रकरण में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए साईं एसोसिएट्स के सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता की पत्नी अनीता गुप्ता ने अब मोर्चा खोल दिया है। अनीता गुप्ता ने दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल को एक लिखित शिकायती पत्र सौंपकर पुलिस की वर्तमान जांच की दिशा और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि इस करोड़ों के घोटाले में उनके पति को केवल ‘बलि का बकरा’ बनाया गया है, जबकि भिलाई के कई बड़े रसूखदार और असली गुनाहगार पर्दे के पीछे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

लिखित शिकायत में किए कई सनसनीखेज खुलासे

एसएसपी कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचकर सौंपी गई अपनी शिकायत में अनीता गुप्ता ने कई चौंकाने वाले राज खोले हैं। उनका कहना है कि एक साधारण सुपरवाइजर के स्तर पर इतने बड़े पैमाने पर (250 टन) भारी-भरकम लौह स्क्रैप की चोरी करना और उसे संयंत्र के हाई-सिक्योरिटी गेट्स से पार करा देना मुमकिन ही नहीं है। इस पूरी वारदात के पीछे संयंत्र के बड़े अधिकारियों, सुरक्षा अमले और रसूखदार कबाड़ माफियाओं का एक सुव्यवस्थित सिंडिकेट काम कर रहा है। अनीता का दावा है कि उनके पति घनश्याम केवल ड्यूटी पर तैनात थे और उन्हें प्रबंधन व ठेकेदार के शीर्ष लोगों के आदेशों का पालन करने की सजा भुगतनी पड़ रही है।

निष्पक्ष जांच और बड़े मगरमच्छों पर कार्रवाई की मांग

दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था और सुशासन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पीड़ित परिवार ने पुलिस के आला अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की गुहार लगाई है। शिकायत में मांग की गई है कि घटना के समय के कॉल डिटेल्स (CDR) और भिलाई इस्पात संयंत्र के भीतर व बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला जाए, जिससे यह साफ हो सके कि इतनी बड़ी मात्रा में लोहे से लदी गाड़ियां किसके इशारे पर और कहां खपाई गईं। दुर्ग पुलिस ने शिकायत पत्र स्वीकार करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। इस नए खुलासे के बाद से भिलाई के उद्योग जगत और रसूखदार कबाड़ कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

Share this

You may have missed