SNAKE BITE : दिल दहला देने वाला हादसा; सोते वक्त चूहे के बिल से निकले जहरीले सांप ने 11 साल की बच्ची को डंसा, इलाज के दौरान मौत!…NV News
Share this
NV News, कोरबा: छत्तीसगढ़ के ऊर्जाधानी कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र से एक बेहद ही दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ प्रगति नगर इलाके में रात को सोते समय चूहे के बिल से निकले एक बेहद जहरीले सांप ने 11 साल की मासूम बच्ची को डंस लिया। इस दुखद घटना के बाद आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टरों की टीम उसकी जान नहीं बचा सकी। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक बच्ची की पहचान 11 वर्षीय वैष्णवी उर्फ सन्नू के रूप में हुई है, जो कि कक्षा तीसरी की छात्रा थी। वैष्णवी के पिता राकेश महतो ने रुंधे गले से बताया कि शुक्रवार की रात को रोज की तरह पूरा परिवार एक ही कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रहा था। इसी दौरान कमरे के कोने में मौजूद चूहे के एक पुराने बिल से जहरीला सांप बाहर निकल आया। शनिवार सुबह करीब चार बजे जब सब गहरी नींद में थे, तब सांप ने बिस्तर पर सो रही वैष्णवी के कान के पास डंस लिया।
सांप के काटते ही वैष्णवी की नींद खुल गई और वह तेज दर्द के कारण अचानक उठकर बैठ गई। उसने तुरंत अपने माता-पिता को कान के पास किसी चीज के जोर से काटने की शिकायत की। परिजनों ने जब टॉर्च जलाकर कमरे में देखा, तो वहां एक सांप रेंगता हुआ नजर आया, जिसे देखते ही सबके होश उड़ गए। परिजन बिना एक पल गंवाए मासूम वैष्णवी को लेकर तत्काल नजदीकी अस्पताल भागे। अस्पताल में डॉक्टरों ने फौरन उसका इलाज शुरू किया, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल जाने के कारण इलाज के दौरान ही मासूम ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने एक बार फिर वनांचल और शहरी इलाकों में जमीन पर सोते समय सावधानी बरतने की याद दिला दी है।

