Smuggling News: DRI का देशभर में बड़ा ऑपरेशन, 740 किलो मादक पदार्थ जब्त; रायपुर में 500 किलो के करीब गांजा बरामद…NV News
Share this
NV News रायपुर/नई दिल्ली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने देशभर में पिछले पखवाड़े के दौरान आठ बड़े ऑपरेशन चलाए। इन कार्रवाइयों में कुल करीब 740 किलो गांजा और चरस जब्त किया गया, जबकि 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जब्त पदार्थों में 709.6 किलो गांजा, 24.5 किलो हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलो चरस शामिल है।
रायपुर में दो ट्रकों से 375.95 किलो गांजा बरामद
रायपुर में 8 सितंबर को DRI अधिकारियों ने खुफिया सूचना के आधार पर पुराने धमतरी रोड के पास विशाखापट्टनम से आ रहे दो ट्रकों को रोका। तलाशी के दौरान ट्रकों के लोडिंग हिस्से में रखी 10 बोरियों के भीतर छिपाए गए 61 पैकेट मिले। जांच में इनमें गांजा होने की पुष्टि हुई।
दोनों ट्रकों से कुल 375.95 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया और दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया।
इससे पहले 26 अगस्त 2026 को भी रायपुर के पास एक ट्रक को रोककर उसमें छिपाकर ले जाया जा रहा करीब 124 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर रायपुर क्षेत्र से करीब 500 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है।
पटना में DRI टीम पर हमला, एक अधिकारी घायल
देशव्यापी अभियान के दौरान 5-6 सितंबर को पटना के पास औरंगाबाद-पटना हाईवे पर भी कार्रवाई की गई। DRI टीम ने पीछा करने के बाद एक ट्रक को रोका, लेकिन कार्रवाई के दौरान टीम पर हमला कर दिया गया। इसमें एक अधिकारी घायल हो गया, जबकि ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।
तलाशी में ट्रक के चालक केबिन के पीछे बने गुप्त स्थान से 90 पैकेट गांजा बरामद हुए। इनका वजन करीब 140.5 किलोग्राम था। वाहन को भी जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
पंजाब, रेलवे और एयरपोर्ट पर भी कार्रवाई
पंजाब के लुधियाना के पास एक वाहन की तलाशी में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों से करीब 69 किलो गांजा बरामद किया गया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में यात्रा कर रहे तीन लोगों से करीब 5 किलो चरस बरामद हुई। जांच में इसके नेपाल से तस्करी कर लाए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा पिछले 15 दिनों में हनोई और बैंकॉक से आने वाले यात्रियों के मामलों में हैदराबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर करीब 24.6 किलो हाई-पोटेंसी हाइड्रोपोनिक गांजा भी जब्त किया गया।
सड़क, रेल और हवाई मार्गों पर निगरानी
DRI की इन कार्रवाइयों से सामने आया कि तस्कर मादक पदार्थों को ट्रकों के गुप्त खानों, विशेष रूप से बनाए गए कैविटी, सामान और यात्रियों के शरीर के आसपास छिपाकर अलग-अलग मार्गों से ले जाने की कोशिश कर रहे थे। एजेंसी ने सड़क, रेल और हवाई मार्गों पर खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई तेज की है।

