पश्चिम में ‘स्मार्ट’ आंगनबाड़ी क्रांति: विधायक राजेश मूणत ने टाटीबंध में तैयार कराया प्रदेश का पहला हाई-टेक ‘महतारी सदन’…NV News
Share this
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी के रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। क्षेत्रीय विधायक राजेश मूणत की दूरगामी सोच से टाटीबंध में 85 लाख रुपये की लागत से प्रदेश का सबसे भव्य और सर्वसुविधायुक्त ‘महतारी सदन सह आंगनबाड़ी’ बनकर तैयार हो गया है। 4500 वर्ग फीट में फैला यह केंद्र किसी कॉर्पोरेट ऑफिस या निजी प्ले-स्कूल से कम नहीं है, जहाँ आधुनिक डाइनिंग एरिया, डिजिटल क्लासरूम और दिव्यांग अनुकूल वाशरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
विधायक मूणत ने इस केंद्र को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ‘ग्रोथ सेंटर’ के रूप में विकसित किया है। यहाँ बच्चों के लिए ‘लर्निंग विद फन’ कॉन्सेप्ट पर बास्केटबॉल, शतरंज, झूला और कैरम जैसे खेलों की विश्वस्तरीय व्यवस्था की गई है। विधायक का स्पष्ट विजन है कि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को भी वही आधुनिक वातावरण मिले जो महंगे निजी स्कूलों में मिलता है, ताकि शिक्षा और पोषण के साथ-साथ उनके संस्कारों की नींव भी मजबूत हो सके।
रायपुर पश्चिम को नई पहचान दिलाने के लिए ऐसे चार हाई-टेक केंद्र तैयार किए जा रहे हैं। विकास का यह सिलसिला केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है; इसी कड़ी में कल प्रातः 10:00 बजे विधायक मूणत डीडी नगर में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन उद्यान का भूमि पूजन करेंगे। यह उद्यान स्थानीय निवासियों के लिए एक ‘ऑक्सीजन हब’ के रूप में काम करेगा, जिससे क्षेत्र के पर्यावरण और सार्वजनिक सुविधाओं में इजाफा होगा।
राजेश मूणत की इस कार्यशैली के पीछे उनकी सूक्ष्म ‘मास्टर प्लानिंग’ है, जिसमें वे कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नागरिकों के साथ मिलकर विकास का रोडमैप तैयार करते हैं। उनका संकल्प रायपुर पश्चिम को देश के सर्वश्रेष्ठ विधानसभा क्षेत्रों में शुमार करना है। वर्तमान में क्षेत्र की जनता के बीच यह ‘महतारी सदन’ चर्चा का विषय बना हुआ है, जो सरकारी अधोसंरचना के प्रति आम जन के नजरिए को बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
