हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: ‘क्राइम पेट्रोल’ देख ननद ने रची थी खौफनाक साजिश, दुष्कर्म का रूप देने निर्वस्त्र फेंकी थी भाभी की लाश…NV News
Share this
NV News- कवर्धा: कबीरधाम जिले के सिंगारपुर गांव में हुई दिल दहला देने वाली हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। झोंकाखार खेत में 3 मई की सुबह मिली महिला की निर्वस्त्र लाश और सिर कुचले जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। शुरुआती साक्ष्यों को देखकर ऐसा लग रहा था कि यह दुष्कर्म और सामूहिक हत्या का मामला है, लेकिन जांच के बाद जो सच सामने आया उसने सबको चौंका दिया। इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड मृतका की अपनी ही ननद निकली, जिसने टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ से प्रेरित होकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
दुष्कर्म का रूप देने की थी कोशिश
आरोपी ननद ने पुलिस को गुमराह करने और मामले को दुष्कर्म का रंग देने के लिए सोची-समझी साजिश रची थी। हत्या के बाद उसने शव को निर्वस्त्र कर दिया, कपड़े खेत में इधर-उधर बिखेर दिए और चूड़ियां तोड़ दीं ताकि जांच भटकाकर इसे ‘गैंगरेप और मर्डर’ जैसा दिखाया जा सके। मृतका के सिर और चेहरे पर पत्थर से वार कर उसकी पहचान मिटाने की भी कोशिश की गई थी।
जांच में ऐसे खुली ननद की पोल
पुलिस ने जब मृतका के परिजनों और करीबियों से पूछताछ शुरू की, तो ननद के बयानों में विरोधाभास मिला। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, ननद और भाभी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद और मनमुटाव चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने भाभी को खेत में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी ननद को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार (पत्थर) व अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।
