छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का कहर, रायपुर समेत कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट
Share this
रायपुर | छत्तीसगढ़ में इस समय कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रह रहा है, जबकि रात में शीतलहर के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 14 दिसंबर को तेज हवाओं के साथ तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को ठंड से बचाव करने की आवश्यकता है।
इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने रायपुर समेत कोरिया, बिलासपुर, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अलाव का सहारा ले रहे लोग
आमतौर पर प्रदेश में इतनी ठंड 15 दिसंबर के बाद पड़ती है, लेकिन इस साल दिसंबर की शुरुआत से ही ठंड ने लोगों को कंपकंपा दिया है। सुबह-सुबह सड़कों पर कोहरा और ओस की चादर देखने को मिल रही है। ठंड से बचने के लिए कई इलाकों में लोग अलाव जलाकर राहत पा रहे हैं। वहीं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है।
