चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात: युवक पर बदमाशों ने किया हमला, पेट में धंसे चाकू के साथ पहुंचा अस्पताल

Share this

रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी का एक और गंभीर मामला सामने आया है। शिवनगर इलाके में गुरुवार देर शाम कुछ नशे में धुत बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद भी युवक हिम्मत नहीं हारा और पेट में चाकू धंसे हुए ही अपने परिजनों के साथ एम्स अस्पताल पहुंचा, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शिवनगर में रहने वाला युवक दादू देर शाम घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले में नशे की हालत में घूम रहे कुछ बदमाशों को उसने टोका। मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया, जिसके बाद एक आरोपी ने कमर से चाकू निकालकर दादू के पेट में घोंप दिया।

घायल युवक किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों की मदद से एम्स अस्पताल पहुंचा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में टीम गठित कर दी गई है।

गौरतलब है कि महज एक सप्ताह पहले रायपुर के सिविल लाइंस थाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा चाकूबाजों को सख्त चेतावनी दी गई थी कि किसी भी तरह की वारदात बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद शहर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जा रही है।

Share this

You may have missed