कोरबा ट्रिपल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: तंत्र-मंत्र से 5 लाख को 2.50 करोड़ करने का झांसा, 6 आरोपी गिरफ्तार

Share this

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सामने आए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एक तांत्रिक के साथ मिलकर तंत्र-मंत्र के नाम पर तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी। तांत्रिक ने 5 लाख रुपये को 2 करोड़ 50 लाख रुपये करने का लालच देकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, 11 दिसंबर को थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस में तीन व्यक्तियों की संदिग्ध मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास ने तंत्र-मंत्र के जरिए रकम कई गुना बढ़ाने का झांसा देकर नितेश रात्रे, असरफ मेमन और सुरेश साहू को असरफ मेमन के फार्म हाउस में बुलाया था। 10 दिसंबर की रात तांत्रिक अपने साथ नायलॉन की रस्सी, नींबू, नारियल, अगरबत्ती समेत अन्य तंत्र-मंत्र सामग्री लेकर फार्म हाउस पहुंचा।

आरोपियों ने तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के बहाने पहले नितेश रात्रे को कमरे में बुलाया और नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसी तरीके से असरफ मेमन और सुरेश साहू को भी एक-एक कर कमरे में बुलाकर गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया गया।

घटना के बाद मृतकों को इलाज के बहाने अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण नायलॉन रस्सी से गला घोंटने के कारण दम घुटना बताया गया और मृत्यु की प्रकृति हत्या (Homicidal) पाई गई।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 544/2025 धारा 103(1), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है। विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन, तकनीकी साक्ष्य और भौतिक प्रमाणों के आधार पर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के कब्जे से नायलॉन रस्सी, तंत्र-मंत्र सामग्री, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, स्कूटी, इनोवा कार और 5 लाख रुपये नकद समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share this