डबल मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा: बेटे ने ही कराई थी माता-पिता की हत्या

Share this

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से सामने आए डबल मर्डर मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गांव लखनपुर में पति-पत्नी की नृशंस हत्या के पीछे कोई और नहीं, बल्कि उनका अपना ही बेटा निकला। आरोपी बेटे ने माता-पिता की हत्या के लिए छत्तीसगढ़ से सुपारी किलर बुलवाए थे और इसके लिए पांच लाख रुपये की डील की गई थी।

पूरा मामला अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखनपुर का है। 10 दिसंबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव के एक मकान में डबल मर्डर हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां घर के बरामदे में राजेंद्र पटेल, उनकी पत्नी रूपा पटेल और घरेलू नौकरानी सीमा बैगा खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।

राजेंद्र पटेल और रूपा पटेल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल नौकरानी सीमा बैगा को तत्काल अनूपपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

बेटे पर ऐसे गया शक

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों और मृतकों के बेटे आलोक उर्फ सूरज पटेल से पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आया कि आलोक की मां सौतेली थी और पिता अक्सर उसे डांटते-फटकारते रहते थे। पिता की डांट और पारिवारिक तनाव के चलते आलोक मानसिक रूप से परेशान रहता था।

इन तथ्यों के आधार पर पुलिस का संदेह बेटे पर गहराया और सख्ती से पूछताछ करने पर वह ज्यादा देर तक सच छुपा नहीं सका। आलोक ने कबूल किया कि उसी ने माता-पिता की हत्या की साजिश रची थी।

 

जन्मदिन बना हत्या की वजह

आलोक ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर को उसका 18वां जन्मदिन था। वह दोस्तों के साथ पार्टी मनाकर देर रात घर लौटा, जिस पर पिता ने नाराज होकर उसे डांटा और थप्पड़ भी मारा। साथ ही जमीन-जायदाद छोटे बेटे के नाम करने की धमकी दी। इसी अपमान और गुस्से के चलते आलोक ने अपने माता-पिता को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।

 

ऐसे रची गई साजिश

आरोपी बेटे ने 4 दिसंबर को हत्या की पूरी योजना बनाई और छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से सक्षम केशरवानी सहित 4-5 लोगों को पांच लाख रुपये की सुपारी दी। सभी आरोपी 9-10 दिसंबर की रात लखनपुर पहुंचे और रात करीब 1 बजे घर में घुसकर सो रहे लोगों पर कुल्हाड़ी, लाठी और सिलबट्टे से हमला कर दिया।

इस हमले में राजेंद्र पटेल और रूपा पटेल की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आई नौकरानी सीमा बैगा को भी बेरहमी से पीटा गया।

 

आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे आलोक पटेल, छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से सक्षम केशरवानी, अनूपपुर से देवेंद्र सोनवानी समेत दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share this

You may have missed