अमलीडीह कॉलोनी के पास युवती की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
Share this
रायपुर। राजधानी रायपुर से शनिवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के अमलीडीह कॉलोनी के पास एक युवती की संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर राजेंद्र नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या की गई है और वारदात के बाद शव को यहां फेंका गया है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि अभी तक युवती की पहचान नहीं हो पाई है। राजेंद्र नगर पुलिस मृतका की पहचान स्थापित करने और घटना के पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए लगातार जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध जानकारी मिलने पर तुरंत थाने को सूचित करें।
