SECR New Time Table 2026: 1 जनवरी से 63 ट्रेनों का बदला समय, यात्रियों को होगी समय की बचत

Share this

रायपुर। नए साल की शुरुआत के साथ ही भारतीय रेल ने यात्रियों को राहत देते हुए नई समय-सारणी लागू कर दी है। 1 जनवरी 2026 से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन से होकर चलने वाली कुल 63 ट्रेनों के परिचालन समय में आंशिक बदलाव किया गया है।

नई समय-सारणी के तहत ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में 5 मिनट से लेकर 25 मिनट तक का परिवर्तन किया गया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस बदलाव से ट्रेनों की औसत गति बढ़ेगी और यात्रियों को यात्रा में समय की बचत होगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, संशोधित समय-सारणी में अप और डाउन दिशा की 55 एक्सप्रेस ट्रेनें और 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। हालांकि, यह बदलाव सभी स्टेशनों पर लागू नहीं किया गया है। कुछ चयनित स्टेशनों पर ही ट्रेनों के समय में बदलाव हुआ है, जबकि अन्य स्टेशनों पर समय पूर्ववत रहेगा।

 

इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के कारण बदली समय-सारणी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने बताया कि हर वर्ष रेल नेटवर्क को बेहतर बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्य किए जाते हैं। इनमें नई रेलवे लाइन बिछाना, ट्रैक दोहरीकरण, सिग्नल सिस्टम का आधुनिकीकरण, प्लेटफॉर्म विस्तार और यार्ड रिमॉडलिंग जैसे कार्य शामिल हैं।

इन विकास कार्यों के चलते ट्रेनों की रफ्तार और परिचालन क्षमता में सुधार होता है, जिसके अनुसार समय-सारणी में बदलाव आवश्यक हो जाता है। रेलवे के अनुसार, नई समय-सारणी से मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के कुल यात्रा समय में 10 से 25 मिनट तक की बचत होगी, वहीं पैसेंजर ट्रेनों में भी 5 से 20 मिनट तक समय कम लगेगा।

 

यात्रियों से अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले 1 जनवरी 2026 से लागू नई समय-सारणी की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। समय में बदलाव की जानकारी न होने पर यात्रियों को असुविधा हो सकती है।

यात्री अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन, पूछताछ केंद्र, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से ट्रेनों के अपडेटेड समय की जानकारी ले सकते हैं।

Share this

You may have missed