संभाग स्तरीय रोजगार मेले में युवाओं को मिले नए अवसर, मंत्री राजेश अग्रवाल बोले- प्रतिभा और कौशल को मिलेगा बेहतर मंच…NV News

Share this

NV News अंबिकापुर। संभाग स्तरीय रोजगार मेले में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रतिभा, योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और निरंतर कौशल विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया।

शनिवार को अंबिकापुर के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित रोजगार मेले में मंत्री अग्रवाल ने युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले केवल नौकरी दिलाने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का प्रभावी मंच हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों और उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

मंत्री ने कहा कि बदलते दौर में सफलता का सबसे बड़ा आधार कौशल और दक्षता है। इसलिए युवाओं को समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करते हुए नए अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विभिन्न विभागों के माध्यम से कौशल विकास, प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है।

इस अवसर पर मंत्री ने रोजगार मेले के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और निजी कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया में भाग लिया। यह आयोजन क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Share this

You may have missed