धरती आबा बिरसा मुंडा को नमन: अचानकमार में मूर्ति स्थापना का भूमि पूजन, वनवासी समाज की ऐतिहासिक पहल
Share this
अचानकमार। जल, जंगल और ज़मीन की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महान जननायक धरती आबा बिरसा मुंडा की स्मृति को सहेजने के उद्देश्य से अचानकमार अभ्यारण्य के वनग्राम बिसौनी में उनकी मूर्ति स्थापना का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम प्रयास – अ स्मॉल स्टेप फाउंडेशन के तत्वावधान में संचालित प्रयास वनवासी पाठशाला, वनग्राम बिसौनी में कल सुबह 10 बजे संपन्न होगा।
धरती आबा बिरसा मुंडा ने अन्याय, शोषण और गुलामी के विरुद्ध संघर्ष कर वनवासी समाज को आत्मसम्मान, अधिकार और जागरूकता का मार्ग दिखाया। जल, जंगल और ज़मीन की रक्षा के लिए उनके विचार और बलिदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी स्मृति और विचारधारा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से यह मूर्ति स्थापना की जा रही है।
वनवासी शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और समग्र उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत प्रयास – अ स्मॉल स्टेप फाउंडेशन द्वारा यह पहल वनांचल क्षेत्रों में जननायकों की विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। संस्था द्वारा संचालित प्रयास वनवासी पाठशाला शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर वनवासी समाज के लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने समस्त नागरिकों से इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।
आयोजक:
प्रयास – अ स्मॉल स्टेप फाउंडेशन
प्रयास वनवासी पाठशाला
समस्त ग्रामवासी, महामाई पंचायत
