Today News- रायपुर की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग: आसमान में उठा धुएं का गुबार, मालिक झुलसा…NV News

Share this

NV News- रायपुर के सड्डू इलाके में स्थित ‘कवल मल्टीलेयर’ प्लास्टिक फैक्ट्री में आज दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री लपटों की चपेट में आ गई और आसमान में काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा गया। प्लास्टिक और वहां रखे पेंट के डिब्बों के कारण आग तेजी से फैली, जिससे फैक्ट्री के भीतर एक के बाद एक कई धमाके भी हुए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 4 से अधिक गाड़ियां और टैंकर मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।

रायपुर पुलिस और प्रशासन की टीम ने एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों और रिहायशी इलाकों को खाली करा लिया है। इस हादसे में फैक्ट्री के मालिक के हाथ झुलसने की खबर है, जो शुरुआती दौर में खुद ही आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे; उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। गनीमत रही कि फैक्ट्री के भीतर फंसे सभी मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फायर ऑफिसर और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बचाव कार्य की निगरानी की।

रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस घटना ने सुरक्षा मानकों पर फिर से सवालिया निशान लगा दिए हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में ज्वलनशील पदार्थ भारी मात्रा में जमा थे, जिसके कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को शुरुआती वजह माना जा रहा है। रायपुर जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और फैक्ट्री में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की भी पड़ताल की जा रही है।

Share this

You may have missed