Road Accident: देवपहरी घूमने निकले बिलासपुर के तीन दोस्तों को कोयला ट्रेलर ने रौंदा, MBBS छात्र समेत दो की दर्दनाक मौत….NV News
Share this
NV News कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बिलासपुर से कोरबा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देवपहरी घूमने निकले तीन दोस्तों को एक बेकाबू रफ्तार भारी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। यह भीषण दुर्घटना बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ढेंगुरनाला पुल के पास मंगलवार सुबह घटित हुई, जिसने दो हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं।
कोयला लदे ट्रेलर ने बाइक सवारों को बेरहमी से कुचला
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के रहने वाले तीन दोस्त बाइक पर सवार होकर देवपहरी की वादियों का लुत्फ उठाने निकले थे। जैसे ही वे ढेंगुरनाला पुल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार एमबीबीएस (MBBS) द्वितीय वर्ष के छात्र और उनके साथ मौजूद एक युवती की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
एक युवती गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में जंग जारी
इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। हादसे में उसके सिर पर बेहद गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल युवती को तुरंत नजदीकी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ आईसीयू (ICU) में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक युवती की हालत बेहद नाजुक और चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश कर रही है।

