भिलाई में 14 लाख की फर्जी लूट का खुलासा: एटीएम कर्मी ने खुद गढ़ी झूठी कहानी, पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार
Share this
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई ज़िले में 14 लाख रुपये की कथित लूट का मामला 24 घंटे के भीतर ही बड़ा खुलासा बनकर सामने आया है। एटीएम में पैसे जमा करने जा रहे एक एजेंसी कर्मी ने पूरी लूट की वारदात खुद ही रची थी। पुलिस की सख्त पूछताछ में इसकी पोल खुल गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या था पूरा मामला?
शनिवार रात कुम्हारी के कपसदा इलाके में एटीएम में कैश जमा करने जा रहे दो एजेंसी कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि रास्ते में बाइक सवार दो युवक गिरे हुए थे। जैसे ही एक कर्मचारी उन्हें उठाने गाड़ी से उतरा, तभी बदमाशों ने गाड़ी से कैश बैग ले जाकर करीब 14 लाख 60 हजार रुपये लूट लिए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस जांच में सच्चाई आई सामने
पुलिस की बारीकी से की गई जांच और पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि कथित लूट पूरी तरह से फर्जी थी। आरोपी एजेंसी कर्मी ने स्वयं ही पैसे एक एटीएम की मशीन में छुपा दिए थे और एक झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह किया।
आरोपी गिरफ्तार
झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाने और रकम छुपाने के आरोप में पुलिस ने एजेंसी कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि आगे इस प्रकरण में और भी पहलुओं की जांच की जा रही है।
