Religious Crime: धर्म परिवर्तन के लिए दबाव और आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार
Share this
जांजगीर–चांपा। थाना अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और हिंदू धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 दिसंबर 2025 को तरौद वार्ड क्रमांक 20 में दो व्यक्तियों द्वारा स्थानीय लोगों पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था। इसके साथ ही हिंदू देवी–देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियाँ भी की जा रही थीं, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएँ आहत हुईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अपराध क्रमांक 661/25 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
गिरफ्तार आरोपी
संजू दांडेकर (उम्र 37 वर्ष), निवासी लीमाही, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार
मोती सिंह (उम्र 39 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर–चांपा
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 299 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 03 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस की भूमिका
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।
