लाल किला धमाका: दिल्ली दहली, 10 की मौत — अमित शाह ने बुलाई हाई-लेवल मीटिंग, NIA ने संभाली जांच
Share this
दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में 10 नवंबर की शाम लाल किले के पास हुए भीषण धमाके ने पूरे देश को हिला दिया है। इस घटना के बाद दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। बताया जा रहा है कि यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक Hyundai i20 कार में हुआ, जिसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाया गया था। विस्फोट इतना तेज़ था कि आसपास खड़ी 10 से अधिक गाड़ियाँ जल उठीं और नज़दीकी इमारतों के शीशे चटक गए।
इस धमाके में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं। सभी घायलों का इलाज दिल्ली के LNJP अस्पताल में जारी है। मौके पर फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियाँ भेजी गईं, जिन्होंने आग पर काबू पाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जांच अपने हाथ में ले ली है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि धमाका रिमोट ट्रिगर IED से किया गया था।
आतंकी नेटवर्क पर शक:-
सूत्रों के मुताबिक, इस धमाके के पीछे डॉक्टर उमर मोहम्मद नामक संदिग्ध का हाथ बताया जा रहा है, जो जयश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़ा है। दिल्ली पुलिस और NIA ने कई डॉक्टरों समेत कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद में छापेमारी कर 350 किलोग्राम विस्फोटक और हथियार बरामद किए हैं। एजेंसियों को शक है कि यह आतंकी नेटवर्क देशभर में फैला हुआ था और दिल्ली धमाका उसका “ट्रायल ऑपरेशन” हो सकता है।
गृह मंत्री की सख्त प्रतिक्रिया:-
गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार सुबह गृह मंत्रालय, खुफिया एजेंसियों और दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि,
“इस हमले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना के बाद अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और सुरक्षा एजेंसियों से लगातार रिपोर्ट ली।
देशभर में हाई अलर्ट:-
दिल्ली धमाके के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, यूपी में 18 संदिग्धों पर निगरानी रखी जा रही है। उनकी कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और सोशल मीडिया एक्टिविटी की जांच जारी है।
लखनऊ के खंदारी बाजार इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई है, जहां एक संदिग्ध शाहीन का कनेक्शन सामने आया है। कई इलाकों में पुलिस ने छापेमारी की है।
इस बीच, CCTV फुटेज, मोबाइल डेटा एनालिसिस और डिजिटल ट्रैकिंग के ज़रिए जांच एजेंसियां धमाके की कड़ियाँ जोड़ने में लगी हैं।
