पश्चिम में विधायक राजेश मूणत का ‘एक्शन’ अवतार: सरोना अस्पताल और नालंदा लाइब्रेरी के निर्माण में मिली खामियां, इंजीनियरों को फटकार…NV News
Share this
NV News- रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत शनिवार को अपने चिर-परिचित तेवर में नजर आए। क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए वे लगातार 3 घंटों तक धरातल पर उतरे और विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। विधायक ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि जनता के पैसे का दुरुपयोग और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में रत्ती भर भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी खामी सरोना में 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 100 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल में मिली। यहां ‘फूटिंग वर्क’ के दौरान तकनीकी मानकों की अनदेखी और खराब तराई (Curing) देख विधायक मूणत का पारा चढ़ गया। उन्होंने CGMSC के कार्यपालन अभियंता सहित पूरी टीम को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि सुधार नहीं हुआ तो वे स्वयं उच्च अधिकारियों को मौके पर लाकर कड़ी वैधानिक कार्यवाही कराएंगे।
शिक्षा के केंद्र शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के पास 21 करोड़ रुपये की लागत से बन रही नालंदा लाइब्रेरी पार्ट-2 के निरीक्षण में भी विधायक ने तीखी नाराजगी व्यक्त की। निर्माण एजेंसी की लापरवाही और कार्य की अस्पष्ट जानकारी पर उन्होंने अधीक्षण अभियंता को दो टूक कहा कि यदि गुणवत्ता बनाए रखने की क्षमता नहीं है, तो तत्काल काम छोड़ दें। सार्वजनिक संपत्तियों के निर्माण में किसी भी प्रकार की गोपनीयता या तकनीकी त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी।
विधायक ने कोटा स्थित शासकीय महाविद्यालय गुढ़ियारी के कार्यों पर संतोष जताया और पीडब्ल्यूडी (PWD) को मानसून से पहले पहुंच मार्ग बनाने के निर्देश दिए। वहीं, विप्र नगर में निर्माणाधीन महतारी सदन और महिला योग भवन की प्रगति की उन्होंने सराहना की। मूणत ने दोहराया कि वे केवल कागजी घोषणाओं में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाले परिणामों में विश्वास रखते हैं और खुद निर्माण कार्यों की सूक्ष्म निगरानी करते रहेंगे।

