रायपुर पश्चिम: विधायक राजेश मूणत ने तिलक नगर स्कूल को दी 25 लाख के शेड की सौगात; कंप्यूटर के लिए 5 लाख की घोषणा, मेरिट आने वाली छात्रा को देंगे स्कूटी…NV News
Share this
रायपुर: रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विकास और शासकीय स्कूलों को सर्वसुविधायुक्त बनाने की दिशा में पूर्व कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक श्री राजेश मूणत ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आज तिलक नगर (गुढ़ियारी) स्थित शासकीय स्कूल में विधायक मूणत और रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने 25 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित शेड का लोकार्पण किया। इस नवीन शेड से अब स्कूली विद्यार्थियों को भीषण गर्मी और बारिश के मौसम में बड़ी राहत मिलेगी।
विद्यार्थियों के लिए सौगातों की बौछार
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजेश मूणत ने सीधा संवाद विद्यार्थियों से किया। एक छात्र की मांग पर उन्होंने तत्काल विधायक निधि से 5 लाख रुपए स्वेच्छानुदान देने की घोषणा की, ताकि स्कूल के लिए आधुनिक कंप्यूटर खरीदे जा सकें। शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में टॉप-10 में स्थान बनाने वाली स्कूल की छात्रा को वे अपनी ओर से स्कूटी प्रदान करेंगे।
गरीबों को मिला आशियाने का हक
लोकार्पण समारोह के साथ-साथ विधायक और महापौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (मोर मकान-मोर जमीन) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र प्रदान किए। अब ये हितग्राही अपने पक्के मकान का निर्माण कार्य शुरू कर सकेंगे।
गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़, जोन अध्यक्ष श्री गज्जू साहू, श्री प्रीतम सिंह ठाकुर, पार्षद श्री सोहन लाल साहू सहित अन्य पार्षदगण और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। महापौर मीनल चौबे ने बच्चों को श्रेष्ठ नागरिक बनने की प्रेरणा दी, वहीं सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया।
