फैक्ट्री ब्लास्ट: उरला में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से 3 श्रमिकों की मौत, प्रबंधन देगा 30-30 लाख मुआवजा, प्रोडक्शन पर रोक….NV News

Share this

NV News रायपुर। राजधानी के उरला औद्योगिक क्षेत्र के पास ग्राम बेन्द्री स्थित मेसर्स 3-डी इनोवेशन कारखाने में एक बड़ा और दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया है। कारखाने के फेरो एलॉयज डिवीजन में संचालित फर्नेस में लांसिंग कार्य के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। यह धमाका इतना जबरदस्त था कि वहां काम कर रहे तीन श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

इस दर्दनाक हादसे के बाद कारखाने में हड़कंप मच गया और श्रमिकों में भारी आक्रोश देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच हुई बैठक में मृतकों के परिजनों के लिए बड़े मुआवजे की घोषणा की गई है। प्रबंधन ने पीड़ित परिवारों को संबल देने के लिए प्रत्येक मृतक के परिवार को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर कारखाने के प्रोडक्शन (उत्पादन कार्य) पर तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक रोक लगा दी गई है।

पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम अब इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट किन कारणों से हुआ और क्या वहां सुरक्षा उपकरणों व मानकों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि प्रबंधन या किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फैक्टरी परिसर में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Share this

You may have missed