रायपुर ‘टीम प्रहरी’ अपडेट: लालपुर में 20 हजार वर्गफीट का अवैध निर्माण 90% ध्वस्त, दूसरे दिन भी चला बुलडोजर…NV News
Share this
रायपुर: राजधानी रायपुर के लालपुर क्षेत्र में शासकीय कोटवारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन का ‘हथौड़ा’ लगातार दूसरे दिन भी चला। महापौर श्रीमती मीनल चौबे, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के कड़े रुख के बाद, नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने लगभग 20 हजार वर्गफीट में फैली अवैध बिल्डिंग के 90 प्रतिशत हिस्से को जमींदोज कर दिया है।
दूसरे दिन की बड़ी कार्रवाई:
भारी मशीनरी का उपयोग: अभियान को अंजाम देने के लिए 6 जेसीबी, 2 पोकलेन मशीनें और 10 डंपरों का विशाल काफिला तैनात रहा।
अवैध ढांचा: इस भूमि पर नियम विरुद्ध बनाई गई 10 बड़ी दुकानें और लगभग 30 बड़े कमरों को पूरी तरह ध्वस्त करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
प्रशासनिक मौजूदगी: एसडीएम श्री नंद कुमार चौबे, जोन कमिश्नर श्री विवेकानंद दुबे और नायब तहसीलदार सुश्री ज्योति सिंह की देखरेख में सीमांकन के बाद तोड़फोड़ की गई।
महापौर की कड़ी चेतावनी
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “यह कार्रवाई अवैध निर्माण करने वालों के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है। राजधानी में कहीं भी शासकीय भूमि पर कब्जा या अवैध निर्माण पाया गया, तो शासन के नियमानुसार उसे ध्वस्त करने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।”
