रायपुर ग्रामीण: विधायक मोतीलाल साहू ने दी 3.18 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 23 स्थानों पर होगा निर्माण…NV News

Share this

रायपुर। रायपुर ग्रामीण विधानसभा के विकास को नई गति देते हुए विधायक श्री मोतीलाल साहू ने नगर निगम जोन-1 के अंतर्गत आने वाले तीन प्रमुख वार्डों में 3 करोड़ 18 लाख 52 हजार रुपये की लागत वाले 23 विभिन्न विकास कार्यों का भव्य भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान एमआईसी सदस्य नंदकिशोर साहू, वार्ड पार्षदों और भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही, जिन्होंने विधायक के इस जनहितैषी कदम का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

विधायक साहू ने वार्डवार बजट का आवंटन करते हुए बताया कि संत कबीर दास वार्ड में 1.02 करोड़, यतियतनलाल वार्ड में 38.59 लाख और बंजारी माता मंदिर वार्ड में सर्वाधिक 1.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों में मुख्य रूप से सड़कों का डामरीकरण, नालियों का निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शामिल है। विधायक ने स्पष्ट किया कि रायपुर ग्रामीण के प्रत्येक क्षेत्र में जनसुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है और बजट की कमी विकास के आड़े नहीं आएगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक ने नगर निगम जोन-1 के कमिश्नर अंशुल शर्मा और विभागीय इंजीनियरों को सख्त निर्देश दिए कि सभी 23 कार्यों को तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड पर जाकर सतत मॉनिटरिंग करने को कहा ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इन नई सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस गरिमामयी अवसर पर जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, पार्षद श्रीमती अंबिका साहू, डॉ. मनमोहन मनहरे, राजेश देवांगन सहित निगम के आला अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। वार्ड वासियों ने एक साथ इतने बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम व सुरक्षित हो जाएगा।

Share this