रायपुर नगर निगम ‘मेयर कप’ का आगाज: महापौर मीनल चौबे ने थामा बल्ला, उद्घाटन मैच में जोन 7 की जीत…NV News
Share this
रायपुर के ऐतिहासिक नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में ‘मेयर कप क्रिकेट स्पर्धा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने पहली गेंद खेलकर टूर्नामेंट की शुरुआत की। इस दौरान खेल के मैदान में राजनीतिक और प्रशासनिक तालमेल भी देखने को मिला, जब नेता प्रतिपक्ष श्री आकाश तिवारी और निगम आयुक्त श्री विश्वदीप ने भी क्रीज पर उतरकर बल्लेबाजी में हाथ आजमाए। नगर निगम के खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस स्पर्धा का ग्रैंड फिनाले 1 मार्च को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट को समावेशी बनाने के लिए इस बार बेहद अनोखे नियम बनाए गए हैं। प्रत्येक टीम में अनिवार्य रूप से 2 महिला खिलाड़ी और 2 प्लेसमेंट कर्मचारियों को शामिल किया गया है। खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए नियम रखा गया है कि मैच की पहली गेंद महिला खिलाड़ी ही डालेंगी और पहली गेंद का सामना भी महिला खिलाड़ी ही करेंगी। इसमें नियमित अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ वार्ड पार्षदों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
स्पर्धा का उद्घाटन मैच जोन 7 और जोन 10 की टीमों के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए जोन 10 ने निर्धारित 10 ओवरों में 139 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें खिलाड़ी नकुल ने धुआंधार शतक जड़ा। हालांकि, लक्ष्य का पीछा करने उतरी जोन 7 की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की। जोन 7 के गोपाल ने मात्र 22 गेंदों में 68 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
आगामी कार्यक्रम के अनुसार, 25 फरवरी को दो मुकाबले होंगे; पहला मैच जोन 3 बनाम जोन 2 और दूसरा मैच जोन 6 बनाम जोन 9 के बीच होगा। सभी मैच शाम 6 बजे से शुरू होंगे। 26 और 27 फरवरी को क्वार्टर फाइनल और 28 फरवरी को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस आयोजन के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
