रायपुर नगर निगम का बड़ा अभियान: नालियों के बीच से गुजर रही पाइपलाइनें होंगी शिफ्ट, अब घरों में आएगा शुद्ध और प्रेशर वाला पानी…NV News
Share this
रायपुर। राजधानी रायपुर के नागरिकों को शुद्ध और पर्याप्त दबाव के साथ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिक निगम ने एक विशेष अभियान छेड़ दिया है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे और जल कार्य विभाग के अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू के निर्देश पर, शहर के विभिन्न जोनों में उन पाइपलाइनों को चिह्नित कर शिफ्ट किया जा रहा है, जो वर्तमान में नालियों के भीतर से गुजर रही हैं। इस कदम से भविष्य में नलों के माध्यम से गंदा पानी आने की समस्या और बीमारियों के खतरे को जड़ से खत्म करने की तैयारी है।
आयुक्त श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में नगर निगम की जल विभाग की टीमों ने विभिन्न वार्डों का विस्तृत सर्वे किया है। सर्वे के दौरान नालियों के भीतर मिली पाइपलाइनों को ट्रेस कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। अब तक जोन 1 के सन्यासीपारा और मुर्राभट्ठी, जोन 6 के टिकरापारा और संतोषी नगर, तथा जोन 8 के कबीर नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पाइपलाइनों की शिफ्टिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
जल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइनों के नालियों में होने से लीकेज की स्थिति में गंदा पानी पेयजल में मिलने का डर बना रहता था। अब इन्हें सुरक्षित बाहर शिफ्ट करने से नलों में शुद्ध क्लोरीन युक्त जल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। साथ ही, पाइपलाइनों के व्यवस्थित होने से ‘टेल एंड’ (अंतिम छोर) पर स्थित घरों तक भी पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी पहुँच सकेगा।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान शहर के सभी जोनों में निरंतर जारी रहेगा। जल विभाग की टीमें लगातार वार्डों का भ्रमण कर रही हैं ताकि कहीं भी नालियों के भीतर पाइपलाइन न बचे। महापौर मीनल चौबे ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में भी ऐसी कोई समस्या है, तो वे तुरंत निगम को सूचित करें। इस पहल से रायपुर के हजारों परिवारों को दूषित पेयजल की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
