Tax Alert: रायपुर नगर निगम में टैक्स जमा करने उमड़ी भीड़; एक दिन में आए ₹5.57 करोड़, कल भुगतान का आखिरी मौका…NV News

Share this

NV News – राजधानी रायपुर में संपत्ति कर जमा करने के लिए नगर निगम के सभी 10 जोन कार्यालयों में करदाताओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। वित्त वर्ष की समाप्ति से ठीक पहले नागरिक अपना बकाया टैक्स चुकाने के लिए सक्रिय नजर आ रहे हैं। आज सुबह से दोपहर तक ही 6,905 करदाताओं ने कुल 5 करोड़ 57 लाख 70 हजार 441 रुपये का राजस्व निगम के खजाने में जमा कर दिया है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 मार्च 2026 टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि है।

​नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी जारी है। जो लोग बार-बार चेतावनी के बाद भी टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, उनके व्यावसायिक परिसरों को सीलबंद (Seal) किया जा रहा है और घरों के नल कनेक्शन विच्छेद (Disconnect) करने की कार्रवाई निरंतर चल रही है। जोन कमिश्नरों के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीमें वार्डों में तैनात हैं ताकि शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जा सके।

​महत्वपूर्ण बात यह है कि कल 31 मार्च 2026 को महावीर जयंती का शासकीय अवकाश होने के बावजूद, जनसुविधा को देखते हुए सभी 10 जोन के राजस्व विभाग सामान्य कार्य दिवस की तरह खुले रहेंगे। 1 अप्रैल से टैक्स जमा करने वालों को 17 प्रतिशत अधिभार (Surcharge) के साथ भुगतान करना होगा। निगम ने अपील की है कि अधिभार और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए नागरिक कल शाम तक अपना देय कर अनिवार्य रूप से जमा कर दें।

Share this