रायपुर में ‘जल संकट’ पर महापौर का कड़ा प्रहार: जोन कमिश्नरों को वार्डों में उतरने के निर्देश, लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई…NV News

Share this

रायपुर: राजधानी में भीषण गर्मी की दस्तक से पहले रायपुर नगर निगम ने पेयजल व्यवस्था को लेकर अपनी कमर कस ली है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता को पानी उपलब्ध कराना निगम की बुनियादी जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में महापौर ने सभी जोन कमिश्नरों को दफ्तरों से निकलकर प्रतिदिन वार्डों में जलापूर्ति का नियमित निरीक्षण करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

बैठक के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइपलाइन के अंतिम छोर (टेल एंड) तक पानी पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। जल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान के लिए वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर पेयजल टैंकरों की पूर्व व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही, अवैध नल कनेक्शनों पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही कर उन्हें टैक्स के दायरे में लाने और पानी के अपव्यय पर अंकुश लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

निगम आयुक्त श्री विश्वदीप ने प्रशासनिक मुस्तैदी दिखाते हुए शहर के सभी 45 जलागारों (पानी की टंकियों) की मैकेनिकल सफाई अभियान चलाकर शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया है। आयुक्त ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि पेयजल आपूर्ति में लापरवाही मिली, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उन पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय और जल बोर्ड के अभियंताओं सहित सभी जोन कमिश्नर उपस्थित रहे, जिन्हें सुगम जलापूर्ति और राजस्व वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है।

Share this

You may have missed